उत्पत्ति/स्रोत के आधार पर शब्द-भेद
उत्पत्ति/स्रोत के आधार पर शब्द के 4 भेद होते हैं।(i) तत्सम शब्द।(ii) तद्भव शब्द।(iii) देशज शब्द।(iv) विदेशी शब्द/विदेशज शब्द।
(i) तत्सम शब्द- तत्सम तत् + सम्। तत्सम शब्द का अर्थ (उसके) + (समान) अर्थात संस्कृत के समान।जो शब्द संस्कृत भाषा से हिन्दी में बिना किसी परिवर्तन के ज्यों-के-त्यों ले लिए गए हैं, उन्हें तत्सम शब्द कहते हैं।जैसे- आम्र, हरिद्रा, गोमल (गोमय), शुचि आदि।
(ii) तद्भव शब्द- तद्भव तद् (उससे) + भव (होना)। तद्भव शब्द का अर्थ है उससे होना अर्थात संस्कृत से (उत्पन्न) होना।जो शब्द संस्कृत और प्राकृत से विकृत होकर हिन्दी में आए हैं, वे तद्भव शब्द कहलाते हैं अर्थात् जो शब्द रूप परिवर्तन के बाद संस्कृत से हिन्दी में आए हैं, वे सभी शब्द तद्भव शब्द कहलाते हैं।जैसे- आम, हल्दी (हरदी), गोबर, सूई आदि।नोट- तत्सम-तद्भव शब्दों पर विस्तार से चर्चा तत्सम-तद्भव अध्याय के अन्तर्गत आगे किया गया है।
(iii) देशज शब्द- देशज देश + ज (जन्मा) अर्थात् देश में जन्म लेने वाली भाषा।जिन शब्दों की उत्पत्ति का पता नहीं चलता है, उन्हें देशज शब्द कहा जाता है। ये शब्द संस्कृत एवं विदेशी भाषाओं के शब्दों से अलग क्षेत्रीय प्रभाव के कारण परिस्थिति एवं आवश्यकतानुसार बनकर स्वतः प्रचलन में आ जाते हैं।देशज शब्दों के उदाहरण- झाड़ू, पगड़ी, ठेंठ, झोला, तेन्दुआ, चिड़िया, कटरा (घास फूस के बने छप्पर को रखने वाली दीवाल), टँटिया, कटोरा, खिड़की, ठुमरी, जूता, कलाई, खिचड़ी, डिबिया, डोंग, पेड़, डाब, छोरा, खरौंटा, खचाखच, थोथा, फुनगी, खखरा, अंटा, लोटा, चसक, लयपध, पेट, किलकिल, धड़ाम आदि।
(iv) विदेशी शब्द- कुछ ऐसे शब्द हैं जो विदेशी भाषाओं से हिन्दी भाषा में आ गए हैं। ऐसे शब्दों को विदेशी/विदेशज/आगत शब्द कहते हैं।विदेशी भाषा के अन्तर्गत हमें अंग्रेजी, फारसी, अरबी, तुर्की, पुर्तगाली, फ्रांसीसी, डच, रूसी आदि भाषाओं का अध्ययन करना है।
• अंग्रेजी भाषा के शब्द- अपील, ऑफिसर, आइसक्रीम, साइकिल, पतलून, इंजीनियर, डॉक्टर, हॉस्पिटल, टिकट, स्टेशन, ट्रेन, पुलिस, कैप्टेन, लेफ्टिनेंट, थियेटर, बॉटल, रेल, कम्पनी, कॉलेज, पिक्चर, सिनेमा, बैंक, गार्ड, टाई, पैंट, स्कूल, टेलीविजन, जज, रजिस्टर, डिग्री, कोर्ट, डायरी आदि।
• अरबी भाषा के शब्द- अखबार, इत्र, कागज, कानून, किताब, तमाशा, जुलूस, जलसा, तारीफ, तकिया, तमाशा, तकदीर, तबियत, गरीब, खुफिया, कुरान, तारीख, वकील, मुहावरा, कबीर, मरीज, रिश्वत, तूफान, फिक्र, हैजा, जुर्माना, शराब, कुर्सी, तुर्की, विरासत, रोजा, हिसाब, अमीर, हक, हुक्म, अक्ल, इस्तीफा, अल्लाह, उम्र, एहसान, वारिस, मशहूर, मुसाफिर, मौलवी, मौसम, मुकदमा, कीमत, खबर, नशा, मदद, दगा, औलाद, औरत, औसत, कब्र, कैदी, गैर, राय, आदमी, दफ्तर, सलाम आदि।
• फारसी भाषा के शब्द- आसमान, अफसोस, आतिशबाजी, दुकान, अदा, आबरू, अनार, आवाज, आवारा, आईना, आजाद, आफत, उम्मीद, कबूतर, कुश्ती, किशमिश, कमरबंद, किनारा, खरगोश, खुश, गिरफ्तार, गवाह, बीमार, सितार, सौदागर, लश्कर, बेदाम, दीवार, गुलाब, गूल, चाबुक, गोला, गरम, चश्मा, चरखा, चूँकि, चेहरा, नामर्द, तन्ख्वाह, चिराग, मलाई, मुर्ग, दवा, जादू, जिंदगी, जागीर, जिगर, तरकश, जोश, सरकार, मरहम, शोर, हफ्ता, ख्याल, खामोश, ताजा, चादर, पैमाना, मलीदा, खुदा, सिफारिश, गल्लीचा, आमदनी आदि।
• पुर्तगाली भाषा के शब्द- आलपीन, आलमारी, तम्बाकू, बाल्टी, फीता, गमला, तौलिया, साबुन, चाबी, फीता, बिस्कुट, कमरा, काजू, गोदाम, गोभी, पादरी, पुश्त, पिस्तौल, क्राम, मस्तूल, मेज, लबाय, साया, गमला, इस्पात, इस्तरी, अनानास, सागून, अचार, आलु, परत आदि।
• तुर्की भाषा के शब्द- कुरता, कैंची, चाकू, तोप, बारूद, बेगम, कुली, चेचक, उर्दू, मुग़ल, बहादुर, तमगा, कुर्क, लाश, सौगात, चमचा, उजबक, कालीन, तलाश, लफंगा, सुराग, आका, आगा, काबू, दारोगा, बावर्ची आदि।
• फ्रांसीसी (फ्रेंच) भाषा के शब्द- बिगुल, कूपन, अंग्रेज, कारतूस, बेसिन, रेस्तरां, रिपोर्ताज, फ्रांसीसी।
• चीनी भाषा के शब्द- चाय, लीची, चीनी, चीकू।
• जापानी भाषा के शब्द- रिक्शा, सायोणारा।
• तिब्बती भाषा- चुंगी।
• मलय भाषा के शब्द- खोपरा।
• डच भाषा के शब्द- बम, तुरुप।
• स्पेनिश भाषा के शब्द- सिगरेट।
• ग्रीक भाषा के शब्द- यूनानी, अकादमी।
• रूसी भाषा का शब्द- जार, बोतका, स्पुतनिक, सोवियत, रूबल, बुजुर्ग।
• पश्तो भाषा के शब्द- अखरोट, पठान, भड़ास, बाढ़, खर्राटा, पटाखा आदि।
संकर शब्द- दो भाषा के शब्दों से मिलकर बना शब्द संकर शब्द कहलाता है।
जैसे-• छायादार = छाया (संस्कृत) + दार (फारसी)
• रेलगाड़ी = रेल (अंग्रेजी) + गाड़ी (हिन्दी)
• टिकटघर = टिकट (अंग्रेजी) + घर (हिन्दी)
• अश्रुगैस = अश्रु (हिन्दी) + गैस (अंग्रेजी)
• पानदान = पान (हिन्दी) + दान (फारसी)
• सीलबंद = सील (अंग्रेजी) + बंद (फारसी)
• वर्षगाँठ = वर्ष (संस्कृत) + गाँठ (हिन्दी)
• जाँचकर्ता = जाँच (हिन्दी) + कर्ता (संस्कृत)
• अपीलकर्ता = अपील (अंग्रेजी) + कर्ता (संस्कृत)
• उड़नतश्तरी = उड़न (हिन्दी) + तश्तरी (फारसी)
• उद्योगपति = उद्योग (संस्कृत) + पति (हिन्दी)
• बसअड्डा = बस (अंग्रेजी) + अड्डा (देशी)
• ऑपरेशन कक्ष = ऑपरेशन (अंग्रेजी) + कक्ष (संस्कृत)
• बेढंगा = बे (फारसी) + ढंगा (देशी)
• सजाप्राप्त = सजा (फारसी) + प्राप्त (संस्कृत)
• बमवर्षा = बम (डच) + वर्षा (हिन्दी)
No comments:
Post a Comment